मंदसौर। किसान कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत कृषि लोकोत्सव के अवसर पर संस्कृति विभाग एवं वीर भारत न्यास द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत ऑनलाइन कृषि क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के विजेताओं को 1 नवंबर को मंदसौर में आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के जिला स्तरीय समारोह में पुरस्कृत किया गया। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप उपयोगी पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में प्रथम पुरस्कार विजेता ग्राम नावनखेड़ी निवासी खुमान सिंह पिता उदय सिंह सिसोदिया को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार द्वितीय पुरस्कार विजेता ग्राम सोनगरा निवासी अर्जुन पाटीदार पिता कांतिलाल पाटीदार को बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, ग्राम रणायरा खेड़ा निवासी पूजा कुमारी शर्मा को स्कूटी खरीदने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
आकर्षक पुरस्कार प्राप्त कर विजेताओं में खुशी का माहौल रहा। खुमान सिंह, अर्जुन पाटीदार और पूजा कुमारी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। विजेताओं ने समारोह में अतिथियों के हाथों पुरस्कार राशि के चेक प्राप्त किए।