नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2019 से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मोटरसाइकिल से बल्क मात्रा में अवैध कच्ची हाथभट्टी की महुआ शराब का परिवहन करते एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नारकोटिक्स पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 27 अक्टूबर 2026 से फरार, स्थायी वारंटियों एवं इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने थाना रतनगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 148/2019, धारा 8/20 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के मामले में वर्ष 2019 से फरार चल रहे आरोपी नारायण पिता गोपाल जाट निवासी बडला, थाना बडलियास, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गोपाल पिता कन्हैयालाल बलाई (45), निवासी ग्राम बरेखन, थाना रतनगढ़, जिला नीमच को मोटरसाइकिल से कच्ची हाथभट्टी की महुआ शराब का बल्क मात्रा में परिवहन करते हुए पकड़ा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।