नीमच। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत के अंतर्गत ‘विकसित भारत युवा संवाद - अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को चुनावी प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र एवं युवा उद्यमी रजत छाजेड़ ने युवाओं को नवाचार, उद्यमशीलता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी मीनाक्षी सिसौदिया ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि मनीष शर्मा, उत्कर्ष स्कूल के प्राचार्य अरविंद कुमार शर्मा तथा पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज, नीमच के डॉ. संजय जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुल 201 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की। समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रवेश जैन ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।