खरगोन। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में काला देवल स्थित मांगलिक भवन में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में इंदौर के इंडेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पहुंचकर मरीजों को निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
सामाजिक संगठनों के सहयोग से हुआ आयोजन
शिविर का आयोजन सत्या ऑर्गेनाइजेशन के अंतर्गत सारथी शिक्षा रोशन सेवा समिति एवं ओनली सारथी शिक्षा रोशन सेवा समिति द्वारा किया गया। इसमें अखिल भारतीय संत रविदास महासंघ मध्यप्रदेश एवं संत रविदास कल्याण समिति जिला खरगोन का सहयोग रहा।
सात विभागों के विशेषज्ञों ने किया परामर्श
शिविर में गुर्दा रोग, हृदय रोग, दिमाग एवं नस रोग, पेट-लीवर, पेशाब संबंधी रोग, स्पाइन सर्जरी तथा घुटना-कूल्हा प्रत्यारोपण सहित सात विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों के ब्लड ग्रुप की जांच भी की गई।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के बारे में जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा के बारे में बताया गया।
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उद्देश्य
संत रविदास महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रेवाराम तावड़े ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और जांच की सुविधा मिलती है।
शिविर के समापन पर आयोजकों ने चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और शिविर में पहुंचे नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।