नीमच। शहर के कमल चौक पर अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार व्यवस्था को लेकर परिजनों ने सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इमरान पिता अब्दुल हाफिज निवासी स्कीम नंबर-9 अपनी पत्नी शहनाज शेख के साथ मार्केट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कमल चौक के पास पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जबकि शहनाज शेख को गंभीर चोटें आईं।
परिजन दोनों को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। उनका आरोप है कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर और उचित उपचार की व्यवस्था नहीं मिली। गंभीर रूप से घायल महिला को लेकर परिजन मदद मांगते रहे, लेकिन उन्हें संतोषजनक उपचार व्यवस्था नहीं मिल सकी।
वहीं, जब मीडिया ने मौके पर मौजूद डॉक्टर रानी से इस संबंध में चर्चा की तो उन्होंने बताया कि अस्पताल प्राथमिक उपचार देने के लिए तैयार था, लेकिन परिजन अपनी इच्छा से मरीज को निजी अस्पताल ले गए।
एक ओर परिजन समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डॉक्टर का कहना है कि अस्पताल प्राथमिक उपचार के लिए तैयार था। दोनों पक्षों के अलग-अलग बयानों के बीच जिला चिकित्सालय की आपातकालीन उपचार व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी घायल मरीज और उसके परिजनों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।