नीमच। नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 किलो 610 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूके की कुल कीमत 23 लाख 75 हजार रुपये है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया आरोपी-
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र हरकियाखाल फंटा के पास फोरलेन रोड पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान पिकअप वाहन क्रमांक RJ04GC3567 की तलाशी लेने पर उसमें से 275 किलो 610 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने वाहन चालक मनीष पिता शिवनारायण दमामी (21), निवासी गुराड़िया लालमुहा, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस जब्त डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी-
पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान देवाराम पिता गोपाराम, निवासी संजाता, बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में बताई है। उसकी तलाश की जा रही है।
ये सामग्री की गई जब्त-
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 275 किलो 610 ग्राम अवैध डोडाचूरा, एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक RJ04GC3567 और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूके की कुल कीमत 23 लाख 75 हजार रुपये है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित थाना जीरन की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।