भोपाल। मध्य प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नए साल की शुरुआत यानी 1 जनवरी 2027 से राज्य के 19 IAS अधिकारियों को प्रमोशन का लाभ मिलने जा रहा है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने अभी से प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
3 प्रमुख सचिव और 16 अधिकारी होंगे पदोन्नत
सामने आई जानकारी के अनुसार, इस प्रशासनिक प्रमोशन प्रक्रिया के तहत कुल 19 अधिकारियों को पदोन्नत किया जाएगा, जिसमें 3 अधिकारी प्रमुख सचिव के पद पर प्रमोट होंगे, जबकि 16 अन्य अधिकारी भी पदोन्नति प्राप्त करेंगे। इस फेरबदल में संजय गोयल, निशांत वरवड़े, ज्ञानेश्वर पाटिल, रुचिका चौहान, नेहा मारव्या और चंद्रमौली शुक्ला सहित 2012 बैच के कई जिलों के कलेक्टर और विभिन्न निगम-मंडलों में अपनी सेवाएं दे रहे अधिकारी शामिल हैं।
लोकायुक्त और EOW से मांगी गई जांच रिपोर्ट
पदोन्नति की इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने लोकायुक्त और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से सभी संबंधित अधिकारियों की अद्यतन जांच रिपोर्ट इसी महीने के दूसरे सप्ताह तक उपलब्ध कराने के लिए कह दिया है। क्लीयरेंस मिलने के बाद DPC की बैठक में इन सभी अधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी, जिसके बाद 1 जनवरी से इनके प्रमोशन के आदेश प्रभावी हो जाएंगे।