भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस ने लोहानी को समर्थन देने का ऐलान किया है। विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक उनके साथ हैं। पार्टी का कहना है कि मध्यप्रदेश में योग्य लोगों की कमी नहीं है, ऐसे में राज्यसभा के लिए बाहर के प्रत्याशी को क्यों भेजा जाए।
लोहानी ने मांगा था सहयोग
राजकुमार लोहानी ने सोमवार को विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना नामांकन जमा किया। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान विधायक आतिफ अकील, अभिजीत शाह, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
कटारे ने कहा कि नामांकन दाखिल करने की सोमवार को अंतिम तारीख थी। राजकुमार लोहानी ने चुनाव में कांग्रेस विधायकों से सहयोग मांगा है। सभी कांग्रेस विधायकों ने उन्हें पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है। हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का संवैधानिक अधिकार है।
पुरी को राज्यसभा नहीं भेजा जाना चाहिए
कटारे ने कहा कि राजकुमार लोहानी और मध्यप्रदेश की जनता की दो प्रमुख भावनाएं हैं। पहली यह कि राज्यसभा का प्रत्याशी प्रदेश का स्थानीय व्यक्ति होना चाहिए। मध्यप्रदेश में योग्य लोगों की कमी नहीं है, ऐसे में बाहर के प्रत्याशी को क्यों थोपा जाए।
उन्होंने कहा कि इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हरदीप पुरी जैसे व्यक्ति को मध्यप्रदेश से चुनकर राज्यसभा नहीं भेजा जाना चाहिए। कटारे ने एपस्टीन फाइल्स को लेकर पुरी पर दबाव और ब्लैकमेलिंग के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही कोई दूसरा व्यक्ति इस पद पर जाए, लेकिन पुरी को राज्यसभा नहीं भेजा जाना चाहिए।
लोहानी बोले- दूसरे विधायकों से भी मांगेंगे समर्थन
राजकुमार लोहानी ने कहा कि भाजपा को मध्यप्रदेश से कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए उसने हरदीप पुरी को प्रत्याशी बनाया है। एपस्टीन फाइल्स में पुरी का नाम आने की बात पढ़कर वे विचलित हुए और चुनाव लड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अलावा निर्दलीय, अन्य दलों और भाजपा के विधायकों से भी समर्थन मांगेंगे। लोहानी ने पुरी को बाहरी प्रत्याशी बताते हुए मध्यप्रदेश के सम्मान की अनदेखी का आरोप लगाया।