नीमच। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच ने 1 से 7 नवंबर तक स्वच्छता सप्ताह शुरू किया है। इसी के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया ने नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के निर्देश पर 1 और 2 नवंबर को नीमच सिटी के वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर सीएमओ ने स्वास्थ्य अधिकारी को उनकी सेवा समाप्ति के निर्देश दिए। वहीं, एक स्थान पर दुकान का निर्माण होते देख संबंधित व्यक्ति से निर्माण अनुमति प्रस्तुत करने को कहा।
नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश-
सीएमओ बामनिया ने 1 नवंबर को वार्ड क्रमांक 1 से 3 तक पिपली चौक, मोची मोहल्ला और रामपुरा दरवाजा, हम्माल मोहल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोची मोहल्ला और हम्माल मोहल्ले में सफाई गैंग द्वारा की जा रही नालियों की सफाई का जायजा लिया। साथ ही नालियों से निकली गाद समय पर उठवाने और नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दुकान का निर्माण होता मिलने पर संबंधित से निर्माण अनुमति प्रस्तुत करने को कहा।
तीन कर्मचारी मिले अनुपस्थित, सेवा समाप्ति के निर्देश
इसी क्रम में 2 नवंबर को सीएमओ ने नीमच सिटी के मीणा मोहल्ला, खटीक मोहल्ला, कोर्ट मोहल्ला, माहेश्वरी मोहल्ला, जूना बाजार, इंदिरा नगर और फ्रूट मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छता पर्यवेक्षकों को यह भी निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी निर्माण कार्य होता दिखाई दे तो संबंधित व्यक्ति से निर्माण अनुमति लेकर नगर पालिका में प्रस्तुत करवाई जाए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर मिले। वहीं, भगवानपुरा तलैया स्थित सांवरिया सेठ और शनिदेव मंदिर के आसपास गाजर घास एवं कचरा पाए जाने पर संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, नागरिकों से सहयोग की अपील-
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, स्वच्छता गैंग प्रभारी दीपक गोहर तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय सुल्तान और अशोक सौदे भी मौजूद रहे।
सीएमओ बामनिया ने सफाई अमले को निर्देश दिए कि स्वच्छता सप्ताह के दौरान अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा। दीपावली के दौरान अधिक कचरा निकलने की संभावना को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी कर्मचारी ड्यूटी के समय अपने कार्यस्थल पर मौजूद रहें और जिम्मेदारी से काम करें। लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा सड़क पर न फेंकें, बल्कि कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।