जबलपुर। सोमवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू हुई। पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अराजकता फैलाकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना चाहती है और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है। मेघवाल ने कहा कि भाजपा का अभियान जनता को कांग्रेस की राजनीति के प्रति जागरूक करने के लिए है।
संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
मेघवाल ने कहा कि चुनाव आयोग से मिलने की निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार कर 300 नेताओं का पहुंचना और राष्ट्रपति भवन व सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करना अव्यवस्था फैलाने की कोशिश है। सुप्रीम कोर्ट सबके लिए खुला है, लेकिन वहां मिलने की एक प्रक्रिया है, जिसका पालन किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
राहुल गांधी के ‘रिजीम चेंज’ बयान पर मेघवाल ने कहा कि 2024 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनादेश दिया है। कांग्रेस को चुनाव के समय घोषणा पत्र लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। सड़कों पर मार्च करने से सत्ता परिवर्तन नहीं होता।
राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताने पर मेघवाल ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति देश की छवि और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही है।
दिवाली से पहले रैली पर कांग्रेस को घेरा
मेघवाल ने दिवाली से ठीक पहले कांग्रेस की रैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने व्यापारियों की अपील और सिख समुदाय की भावनाओं को नजरअंदाज किया। भाजपा नेताओं के मुताबिक, पदयात्रा के जरिए देश में अराजकता फैलाने वाली राजनीति का विरोध किया जाएगा।
गोल बाजार से शुरू होकर प्रमुख बाजारों से गुजरेगी पदयात्रा
भाजपा की पदयात्रा गोल बाजार से शुरू होकर मालवीय चौक, गंजीपुरा और कमानिया होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचेगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। पदयात्रा के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पदयात्रा के जरिए जबलपुर से संदेश दिया जाएगा कि देश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने वाली राजनीति का विरोध किया जाएगा।