बुरहानपुर। नेपानगर स्थित भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम नेपा लिमिटेड में सोमवार दोपहर सतर्कता जागरूकता सप्ताह, राष्ट्रीय एकता दिवस और विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के समापन पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासनिक भवन में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक वित्त पीजेएम डिक्सन ने की। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद निदेशक वित्त पीजेएम डिक्सन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की बात कही।
सतर्कता और स्वच्छता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर
मुख्य महाप्रबंधक राम अलागेसन ने सतर्क रहने और अपने दायित्वों को निष्ठा से निभाने को संस्थान की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने की बात कही।
वरिष्ठ प्रबंधक, कार्मिक व प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार ने स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अनुपयोगी सामग्री का बेहतर प्रबंधन कर उसे उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है। उन्होंने खाली जगहों के सदुपयोग, परिसर की साफ-सफाई और स्क्रैप के व्यवस्थित निस्तारण को स्वच्छता अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल बताया। साथ ही स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की बात कही।
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि संस्थान के सतर्कता प्रकोष्ठ ने केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सप्ताह के दौरान जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता और कर्मचारियों के लिए सतर्कता नारा प्रतियोगिता शामिल थीं।
विद्यार्थियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा रोहिणी सोलंकी और सिटीजन हायर सेकंडरी स्कूल की श्रुति पाटिल को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सतर्कता नारा प्रतियोगिता में कार्यालय मुख्य महाप्रबंधक के संजय महाजन ने प्रथम और डी-इंकिंग संयंत्र के नीलेश महाजन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने किया। आभार उप प्रबंधक सतर्कता विजेन्द्र चौधरी ने माना।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक कार्य सुरेंद्र मेहता, प्रबंधक पेपर मशीन केके देशमुख, प्रबंधक विद्युत किशोर महाजन, उप प्रबंधक वाणिज्य सीएन वर्मा, उप प्रबंधक पेपर मशीन सुनील कुलथे, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर कुमार पटले, उप प्रबंधक वित्त विकास रेड्डी, सहायक प्रबंधक आईटी एवं वित्त विजय भामरे, सहायक प्रबंधक औद्योगिक संरक्षा प्रशांत सोनी, कंपनी सचिव धनन्जय शर्मा, नेपा मिल श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी, राजेंद्र चौधरी, आशुतोष मिश्रा, दीपक सिंह ठाकुर, सुनील राव, शिशिरेंद्र सिंह, युवराज मोदी, अनीस मंसूरी, ऋतिका भमोरे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।