शिवपुरी। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर यादव समाज में नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को समाज के लोगों ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
यादव समाज ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के बीच अंतर बताकर भगवान श्रीकृष्ण को नीचा दिखाने का प्रयास किया है। समाज के लोगों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण केवल यादव समाज के आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म की आस्था, श्रद्धा और गौरव के प्रतीक हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण दोनों ही पूजनीय हैं। किसी भी संत या धर्मगुरु को अपनी वाणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं है। समाज ने ऐसी बयानबाजी पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि आस्था और आराध्य का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यादव समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।