देवास। जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी टीआई दिलीप पुरी को ट्रक चालक ने कुचल दिया। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कर्तव्य निभाते हुए एक पुलिस अधिकारी की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, देवास एसपी आदित्य मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदा से अवैध शराब से भरा ट्रक गुजरात की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर कन्नौद, खातेगांव, सतवास और नेमावर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस ने पांच टीमें बनाकर ट्रक की घेराबंदी की थी।
बताया जा रहा है कि हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक एक ढाबे के पास पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान टीआई दिलीप पुरी चालक को पकड़ने पहुंचे। चालक और टीआई के बीच झूमाझटकी हुई। इसी दौरान ट्रक आगे बढ़ा और उसका पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
298 पेटी अवैध शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक से 298 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस तस्करी के तार हरदा के राहुल जायसवाल सहित कुछ अन्य लोगों से जुड़े होने की आशंका है। मामले में एक मैनेजर से पूछताछ की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है और किसी की भूमिका अभी आधिकारिक रूप से सिद्ध नहीं हुई है।
दो महीने पहले ही संभाली थी खातेगांव थाने की जिम्मेदारी
टीआई दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के बरमंडल गांव के रहने वाले थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वे शिक्षक थे। करीब दो महीने पहले ही उन्होंने खातेगांव थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी आदित्य मिश्रा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। टीआई दिलीप पुरी का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए धार जिले के बरमंडल गांव ले जाया जाएगा। परिवार के सदस्य इंदौर में थे, जबकि सूचना मिलने पर उनके माता-पिता भी खातेगांव पहुंच गए।
अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी की जान चले जाने से पूरे जिले और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।