नीमच। शहर में रविवार रात अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार सुनील कुमावत घायल हो गए। हादसे के बाद वे सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे। इसी दौरान जीरन क्षेत्र के निरीक्षण के लिए जा रहे पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और घायल को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, हादसा नीमच सिटी थाना क्षेत्र में भाटखेड़ा चौराहे से जमुनिया कला के पास हुआ। घायल सुनील कुमावत रठांजना गांव के निवासी हैं। एसपी राजेश व्यास जीरन की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे घायल युवक को देखा। उन्होंने बिना देर किए मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में सुनील कुमावत का उपचार जारी है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटना के बाद मौके से फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।