चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में एक साल से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपी को मध्यप्रदेश के रतनगढ़ से डिटेन किया है। आरोपी की पहचान सोनू शर्मा, पिता बद्रीलाल शर्मा, निवासी हाथीपुरा, थाना रतनगढ़, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी बेगूं थाने में दर्ज 12.600 किलोग्राम अवैध अफीम तस्करी के मामले में वांछित था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व बेगूं थाना क्षेत्र में 12.600 किलोग्राम अवैध अफीम तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में सोनू शर्मा फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय भीलवाड़ा की ओर से ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की तलाश में जुटी डीएसटी की विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद डीएसटी प्रभारी रामावतार के नेतृत्व में टीम ने मध्यप्रदेश के रतनगढ़-सिंगोली रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर खेतों की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे डिटेन कर लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए बेगूं थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी रामावतार के साथ कांस्टेबल दुर्गेश, पदम कुमार और पुरखाराम शामिल रहे।