चित्तौड़गढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को चित्तौड़गढ़ पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह एवं परेड का बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने इसका अवलोकन कर समारोह में हो रही गतिविधियों को देखा।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।