खरगोन। दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर मध्यप्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। खरगोन प्रवास पर पहुंचे मंत्री सारंग ने विपक्ष की रैली को जनसमर्थन से दूर बताते हुए कहा कि लाखों-करोड़ों लोगों के जुटने के दावे हकीकत में पूरे नहीं हुए।
दोपहर करीब 2 बजे सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री सारंग का भाजपा विधायक बालकृष्ण पाटीदार, जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, विधायक राजकुमार मेव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रदर्शनों को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। कांग्रेस के आंदोलन से अधिक भीड़ भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकाली जा रही पदयात्राओं में जुट रही है। उन्होंने विपक्ष के आंदोलनों को जनसरोकारों से दूर बताया।
मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन विदेशी ताकतों के इशारों पर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगाकर मुद्दाविहीन प्रदर्शन कर रहा है और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है, जिसे जनता नकार रही है।
उन्होंने हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि बैलेट से हुए चुनाव में भी कांग्रेस अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज नहीं करा सकी।