शाजापुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खरदोन कला मंडल के तत्वावधान में रविवार 1 नवंबर 2026 को ग्राम बापचा में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़े। ग्राम बापचा सहित आसपास के ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और आत्मीय भाव से स्वयंसेवकों का स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्जन सिंह मीणा उपस्थित रहे जो ग्राम बापचा के निवासी हैं, डेयरी फार्म व्यवसाय और जैविक खेती से जुड़े हैं तथा बाल्यकाल से ही संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल में कार्यरत और खरदोन कला मंडल के मंडल कार्यवाह धरम सिंह कछावा ओड भी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रशेखर सोनी ने मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही शासकीय शिक्षक और कालापीपल खंड के शैक्षणिक कार्य से जुड़े हरिचरण परमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना रहा। इस पथ संचलन में खरदोन कला, मोहनपुर, बापचा, गणेशपुर, लसूड़िया पटला, राघोखेड़ी, अवधपुर, गलबी और बकायन सहित विभिन्न ग्रामों के स्वयंसेवकों और ग्रामवासियों ने भाग लिया।