कुकड़ेश्वर। नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से विशाल पथ संचलन निकाला गया। इसमें स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए और घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए अनुशासित ढंग से नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
पथ संचलन का शुभारंभ विश्वकर्मा भवन से हुआ। इससे पूर्व जिला प्रचार प्रमुख मंगल कच्छावा ने बौद्धिक उद्बोधन दिया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने घोष की मधुर धुन पर कदमताल करते हुए पथ संचलन प्रारंभ किया।
संचलन विश्वकर्मा भवन से निकलकर बस स्टैंड, ब्राह्मण मोहल्ला, काछी मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, जैन मंदिर, मालवी खाती मोहल्ला, चंपा बाजार, रंगारा मंदिर, तंबोली मोहल्ला, नीम चौक, चौधरी मोहल्ला, सदर बाजार, भटवाड़ा मोहल्ला और मुखर्जी चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसके बाद संचलन पुनः बस स्टैंड पहुंचा और वहां से विश्वकर्मा भवन पहुंचकर संपन्न हुआ।
पथ संचलन के दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में स्वयंसेवकों का अनुशासन, एकरूपता और घोष की धुन आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजन के दौरान नगर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। पथ संचलन शांतिपूर्ण एवं पूर्ण अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।