दतिया। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा रविवार को अपने एक दिवसीय दतिया प्रवास के दौरान अहिरवार जाटव समाज द्वारा आयोजित समारोह में शामिल होने ग्राम रिछरा पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने उनका फूलों की माला पहनाकर एवं तुलादान कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए विपक्षी दल की कार्यशैली पर सवाल उठाए।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव के दौरान बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं और भाजपा पर संविधान बदलने जैसे आरोप लगाते हैं, लेकिन विकास के मुद्दे पर उनकी भूमिका स्पष्ट नजर नहीं आती। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव समाप्त होते ही कांग्रेस के नेता कहां चले जाते हैं, इसका जनता को पता ही नहीं चलता।पूर्व गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचकर समर्थन मांगते हैं, लेकिन चुनाव के बाद जनसमस्याओं के समाधान और जनसेवा के लिए उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना और क्षेत्र का विकास करना होना चाहिए।डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के कार्य हो रहे हैं तथा मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।