गरोठ। तहसील के ग्राम बरखेड़ा अम्बेका में नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टीम को फैक्ट्री से तैयार दूध, केमिकल, पाउडर और पैकिंग सामग्री सहित नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला, जिसे जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में केमिकल, पाउडर और पानी मिलाकर दूध तैयार किया जा रहा था। इसके बाद इसे आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार दूध और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिलने से मामला गंभीर हो गया है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं, फैक्ट्री संचालक से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।