देवास। बरोठा में आरपी ज्वेलर्स की दुकान का शटर उचकाकर चांदी के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपए का मश्रुका बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी सविता सिंह ने बताया कि आरपी ज्वेलर्स में हुई चोरी के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में 25 दिनों तक लगातार अभियान चलाया। इस दौरान दो राज्यों के चार शहरों और 28 गांवों में तलाश की गई। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी बबलू वसुनिया को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों विजय उर्फ विजू और शोभाराम उर्फ गलिया के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पत्थर गुराड़िया, गाजनोदखेड़ा और उज्जैन के चिमनगंज क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 2.50 लाख रुपए का माल बरामद किया है। मुख्य आरोपी बबलू वसुनिया के खिलाफ विभिन्न थानों में 22 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी रतन भील अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।