कुकड़ेश्वर। नगर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। बस स्टैंड, सदर बाजार, चंपा बाजार, मुखर्जी चौक और भारत माता चौराहा सहित कई स्थानों पर मवेशी खुलेआम घूमते नजर आते हैं। इनके कारण राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आवारा मवेशी सड़कों पर आपस में लड़ते रहते हैं और अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार लड़ते हुए मवेशी दुकानों और मकानों में भी घुस जाते हैं। इससे व्यापारियों और रहवासियों में भय का माहौल बना रहता है।
विशेष रूप से बस स्टैंड और सरस्वती शिशु मंदिर के आसपास आवारा मवेशियों के झुंड घंटों तक सड़क पर बैठे रहते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। वहीं, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। राहगीरों को मवेशियों के बीच से निकलने में भी डर बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
नगरवासियों ने नगर परिषद कुकड़ेश्वर से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया जाए। खुले में घूम रहे मवेशियों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गौशाला पहुंचाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम नागरिकों को इस परेशानी से राहत मिल सके।