गरोठ। जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर रविवार को पृथ्वी बचाओ चौरिटेबल ट्रस्ट इंडिया की ओर से गरोठ के अस्पताल चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री के नाम राष्ट्रव्यापी पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने और प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि पोस्टकार्ड के जरिए प्रधानमंत्री तक पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी मांगें पहुंचाई जाएंगी।
प्रदर्शन के दौरान भवानीमंडी के पर्यावरणविद् एवं पर्यावरण प्रेमी फूलचंद वर्मा और प्रहलाद वर्मा सहित गरोठ के चित्रकार अजय मिश्रा ने पर्यावरण के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों से प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।