मंदसौर। जिले के बरखेड़ा पंथ में रविवार रात कार की टक्कर से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में किसान का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा पंथ निवासी मांगू सिंह (50), पिता केसर सिंह, रविवार रात करीब 9 बजे खेत से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय पिपलियामंडी की ओर से नीमच जा रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में मांगू सिंह के सिर पर 8 और चेहरे पर 5 टांके आए। वहीं, उनके एक पैर का पंजा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया।
मौके पर मिली कार की नंबर प्लेट-
मांगू सिंह के छोटे भाई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार मारुति फ्रॉन्क्स थी। हादसे के बाद कार की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई थी। परिजनों ने पिपलियामंडी टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी देखे। उनके अनुसार, फुटेज में संबंधित कार गुजरती हुई दिखाई दी। कार इंदौर पासिंग बताई जा रही है। परिजनों ने मौके से मिली नंबर प्लेट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने का दावा किया है।
घटना की सूचना अस्पताल पुलिस चौकी को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।