कसरावद। निमाड़ अंचल और कसरावद के लिए गौरव का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हास्य कवि एवं टीवी शो ‘वाह भाई वाह’ फेम डॉ. महेश अनघड़ को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित विज्ञान भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मेलन के समापन अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें अभिनंदन-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
विश्व हिंदी परिषद के संयोजन में आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने की। केंद्रीय राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, संजय पासवान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, रवि कुमार अय्यर और विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
विश्व हिंदी परिषद के अध्यक्ष पद्मश्री एवं पद्मभूषण आचार्य यार्लगड्डा लक्ष्मी प्रसाद तथा महासचिव डॉ. विपिन कुमार के विशेष आमंत्रण पर डॉ. महेश अनघड़ ने सम्मेलन में सहभागिता की। उन्होंने अपने चयनित शोध-पत्र ‘भारत रत्न अटल, हिंदी, राष्ट्रवाद एवं सुशासन’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। अपने शोध-पत्र में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, हिंदी के वैश्विक स्वरूप और राष्ट्रवाद की भावना को विस्तार से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को सभागार में मौजूद विद्वानों ने सराहा।
हास्य आराधना से विज्ञान भवन में गूंजे ठहाके
शोध-पत्र प्रस्तुति के बाद डॉ. अनघड़ ने अपनी प्रसिद्ध ‘हास्य आराधना’ की प्रस्तुति दी। उनकी हास्य कविताओं ने पूरे सभागार में ठहाके गूंजा दिए। देश-विदेश से आए हिंदी विद्वानों और श्रोताओं ने उनकी प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की।
सम्मेलन के समापन पर पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की उपस्थिति में डॉ. महेश अनघड़ को सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से कसरावद सहित पूरे निमाड़ अंचल में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान क्षेत्र के साहित्यिक और सांस्कृतिक गौरव को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देने वाला अवसर माना जा रहा है।