उज्जैन। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बीएल वर्मा सोमवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि उनकी कृपा देश के 140 करोड़ नागरिकों पर सदैव बनी रहे।
दर्शन के बाद मंत्री वर्मा ने कहा कि आज बाबा महाकाल ने उन्हें अपने दरबार में बुलाया और दर्शन-पूजन का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल बड़े दयालु हैं और जिस पर उनकी कृपा बरसती है, उस पर असीम आशीर्वाद बना रहता है।
उन्होंने कहा कि महाकाल के दर्शन से जीवन की विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं। बाबा के दरबार में पहुंचकर एक अलग तरह के आनंद और शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने बाबा महाकाल से आगे भी इसी तरह दर्शन के लिए बुलाते रहने की प्रार्थना की।
मंत्री वर्मा ने दर्शन व्यवस्था में सहयोग के लिए संजय पुजारी का उल्लेख करते हुए उनके लिए भी बाबा महाकाल से आशीर्वाद की कामना की। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया।