नीमच। मध्यप्रदेश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार नीमच मंडी में दीपावली से पहले लहसुन की बंपर आवक देखने को मिल रही है। मंडी परिसर में आज करीब 20 हजार बोरी लहसुन की आवक दर्ज की गई। खास बात यह रही कि लहसुन के भाव में उसकी गुणवत्ता के अनुसार बड़ा अंतर देखने को मिला। जहां हल्की और निम्न गुणवत्ता की लहसुन करीब 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी। वहीं अच्छी और उच्च गुणवत्ता वाली लहसुन के भाव 22 हजार से 25 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए।
बंपर आवक के बीच अच्छी गुणवत्ता वाली लहसुन के ऊंचे दाम मिलने से कुछ किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई, तो कम गुणवत्ता वाली उपज के भाव कम रहने से कई किसानों को मायूसी भी हुई। ऐसे में मंडी में लहसुन के भाव में तेजी-मंदी के कारण और आने वाले दिनों में संभावित बाजार रुख को लेकर किसानों के मन में कई सवाल हैं।
इन्हीं सवालों का जवाब जानने के लिए हमारी टीम के चीफ रिपोर्टर मुश्ताक अली शाह नीमच कृषि उपज मंडी, चंगेरा पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों और व्यापारियों से सीधी बातचीत कर लहसुन की आवक, गुणवत्ता के आधार पर मिल रहे भाव और बाजार की मौजूदा स्थिति को लेकर उनकी राय जानी।