मनासा। क्षेत्र में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इससे मनासा कृषि उपज मंडी में खुले में रखी किसानों की उपज भीग गई। मंडी परिसर में पानी भरने से अनाज पानी में बहने और तैरने लगा, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अचानक हुई बारिश के कारण मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचे किसानों को उसे सुरक्षित करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। पानी में बिखरे अनाज को एकत्रित करने के लिए ट्रैक्टर की मदद ली गई। बारिश के बाद किसानों को अपनी उपज की सुरक्षा और संभावित नुकसान की चिंता सताने लगी।
वहीं, जावद तहसील के समीपवर्ती ग्राम बांगरेड़ में भी शाम करीब 6.30 बजे बारिश हुई। ग्रामीणों के अनुसार, यहां लगभग 20 मिनट तक बारिश का दौर चला।
बेमौसम बारिश से किसानों की उपज प्रभावित होने की आशंका के बीच मंडी में खुले में रखी फसल को सुरक्षित रखने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।