नीमच। नीमच की चंगेरा स्थित कृषि उपज मंडी में आज प्याज की बंपर आवक देखने को मिली। मंडी में करीब 8 हजार बोरी प्याज पहुंचने से चारों ओर प्याज ही प्याज नजर आया। हालांकि, प्याज की भारी आवक के बीच किसानों के चेहरों पर खुशी के बजाय नाराजगी दिखाई दी।
दरअसल, अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे किसान प्याज के भाव में कमी, व्यापारियों की कथित मनमर्जी और नीलामी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते नजर आए। मौके पर पहुंची वॉइस ऑफ एमपी की टीम ने किसानों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने कैमरे के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मंडी की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
किसानों के अनुसार प्याज के भाव उसकी गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग रहे। कम गुणवत्ता वाली प्याज के भाव करीब 3,000 रुपये तक बताए गए, जबकि उच्च गुणवत्ता वाली प्याज के भाव करीब 4,200 रुपये तक रहे। किसानों ने भाव को लेकर असंतोष जताया और अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की चिंता जाहिर की।
अब सवाल यह है कि जब किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल मंडी तक ला रहे हैं, तो क्या उन्हें उपज का उचित दाम मिल पा रहा है? नीलामी व्यवस्था को लेकर किसानों की नाराजगी की वजह क्या है? और क्या मंडी प्रशासन किसानों की शिकायतों पर ध्यान देकर व्यवस्था में सुधार करेगा?
इन तमाम सवालों को लेकर वॉइस ऑफ एमपी की टीम ने मंडी पहुंचकर किसानों से चर्चा की। किसानों ने कैमरे पर क्या कहा और प्याज के भाव को लेकर उनकी क्या मांग है, देखिए इस खास रिपोर्ट में।