नीमच। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ विशाल महारैली आयोजित की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित इस रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और फारूक अब्दुल्ला सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा और जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने इसे देश के नागरिकों के वोट की चोरी बताया।
रैली में नीमच जिले से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने रैली में सहभागिता की। इस दौरान बाहेती ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चीब, हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, सांसद कुलदीप इंदौरा, विधायक भेरों सिंह बापू, राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पवन खेड़ा, टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।