नीमच। अफीम नीति में बदलाव, किसानों की समस्याओं, नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, बिजली कटौती और वोट चोरी के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सोमवार को विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से पैदल मार्च निकालकर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि अफीम नीति को लेकर काश्तकारों में असंतोष है। कांग्रेस किसानों की समस्याओं का निराकरण करने और अफीम नीति पर पुनर्विचार करने की मांग उठाएगी। इसके साथ ही कम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा बिजली कटौती की समस्या दूर करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे गांधी भवन में संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे गांधी भवन से पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान पर भी होगी चर्चा-
जिला संगठन महासचिव बृजेश मित्तल ने बताया कि संगठनात्मक बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता, मुंबई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य चरण सिंह सपरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती करेंगे।
सपरा को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत नीमच सहित पूरे संभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, ग्राम चौपाल आयोजित करने और अभियान को गांवों तक पहुंचाने की रणनीति भी बनाई जाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी भी होंगे शामिल-
बैठक और पैदल मार्च में विधायक एवं जिला प्रभारी भैरों सिंह बापू, प्रदेश समन्वयक एवं पूर्व विधायक दिलीप गुर्जर, जावद विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा, मनासा विधानसभा प्रभारी हिमांशु जोशी और नीमच विधानसभा प्रभारी राजीव देवदा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा एवं मनोहर अंब ने जिला और ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों, मंडलम एवं सेक्टर प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं तथा विभिन्न मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर गांधी भवन पहुंचकर संगठनात्मक बैठक एवं पैदल मार्च में शामिल होने की अपील की है।