नीमच। किसानों की समस्याओं और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नीमच में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से भारत माता चौराहे तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान अफीम नीति, बिजली कटौती और कम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग उठाई गई। वहीं, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा और निर्वाचन आयोग पर भी निशाना साधा गया। प्रदर्शन के बाद एसडीएम पराग जैन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
किसानों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज-
कांग्रेस नेताओं ने नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, अफीम काश्तकारों की समस्याओं का समाधान करने और बिजली कटौती से राहत देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि कम बारिश के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में उन्हें राहत देना जरूरी है।
मतदाता सूची में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया-
प्रदर्शन से पहले गांधी भवन में आयोजित बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मुंबई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सपरा ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत भाजपा और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। सपरा ने मतदाता सूची से 13 करोड़ 37 लाख नाम हटाए जाने का दावा करते हुए मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
उन्होंने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली का उल्लेख करते हुए उसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर उठे विवाद पर भी उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाए।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन-
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत माता चौराहे पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम पराग जैन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।