नीमच। केंद्र सरकार द्वारा जारी अफीम नीति 2026-27 को लेकर किसान नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्यामलाल जोकचंद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने नीति जारी करने में करीब डेढ़ महीने की देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे किसानों की फसल और मार्फिन के औसत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
जोकचंद ने आरोप लगाया कि मार्फिन के मानक में बदलाव से हजारों किसानों के पट्टे प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, सीपीएस पट्टों और पुराने कटे पट्टों को लेकर भी उन्होंने सरकार से स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने भाजपा नेताओं के राहत संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीति से किसानों को अपेक्षित राहत नहीं मिली है।
पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जोकचंद ने कहा कि सरकार को नीति की समीक्षा कर किसानों को राहत देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से अफीम किसानों की परेशानियां बढ़ रही हैं। जोकचंद ने कहा कि किसानों के हितों और पट्टों से जुड़ी मांगों को लेकर वे आंदोलन करेंगे तथा संकट के समय किसानों के साथ खड़े रहेंगे।