मंदसौर। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस ने चुनाव आयोग से आंकड़े सार्वजनिक करने और आरोपों पर तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की है। सोमवार को मंदसौर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
सपरा ने आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर ‘वोट चोरी’ हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग को भारतीय जनता पार्टी की कठपुतली बताते हुए तंज कसा, “यह चुनाव आयोग नहीं, चुना आयोग है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
कई राज्यों की मतदाता सूची पर उठाए सवाल-
सपरा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची को लेकर उठे सवालों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की संख्या में बदलाव और नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तथ्यों के साथ जवाब देने की मांग की।
दैनिक भास्कर से बातचीत में सपरा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “यदि रक्षक ही भक्षक बन जाए तो उसके खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी।” उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां संविधान की भावना को प्रभावित करती हैं।
आरोपों पर आयोग से तथ्यात्मक जवाब की मांग-
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि राजनीतिक दल और नागरिक उनका सत्यापन कर सकें। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच हो और निर्वाचन आयोग सभी सवालों का तथ्यात्मक जवाब दे।
सपरा ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम कथित तौर पर गलत तरीके से हटाए गए हैं, उन्हें अपना पक्ष रखने और नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर दिया जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर, दिलीप सिंह गुर्जर, सोमिल नाहटा, मनजीत सिंह मनी, तरुण खींची, राकेश पाटीदार, प्रवीण मांगरिया और दीपक सिंह गुर्जर सहित कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।