मंदसौर। कांग्रेस के नारकोटिक्स विभाग घेराव कार्यक्रम के दौरान मीडिया कवरेज को लेकर विवाद सामने आया है। आईएनएच हरिभूमि के संवाददाता के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और बदसलूकी करने तथा कवरेज से रोकने के आरोप कांग्रेस के पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल और उनके पुत्र आदित्य पाटिल पर लगे हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पत्रकारों में नाराजगी फैल गई। विरोध स्वरूप पत्रकारों ने कार्यक्रम की कवरेज बंद कर दी। पत्रकारों का कहना है कि मीडिया को स्वतंत्र रूप से अपना दायित्व निभाने का अधिकार है और कवरेज के दौरान किसी पत्रकार को रोकना या उसके साथ दुर्व्यवहार करना गंभीर मामला है।
यशपाल सिंह सिसोदिया ने ट्वीट कर की निंदा-
पत्रकार के साथ कथित धक्का-मुक्की और बदसलूकी के मामले में भाजपा के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने ट्वीट कर घटना की निंदा की। इस घटनाक्रम के बाद मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।