चित्तौड़गढ़। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं और आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाते हुए पंचायतराज चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं। यह बात विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने रविवार को विभिन्न गांवों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने भीमेश्वर सांवलियाजी, विजयपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान विधायक आक्या ने गोपाल नगर में जिला परिषद वार्ड संख्या 18 से भाजपा प्रत्याशी मदनलाल रैगर तथा पंचायत समिति वार्ड संख्या 19 से प्रत्याशी रेखा देवी रैगर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। वहीं, ग्राम बस्सी में जिला परिषद वार्ड संख्या 5 से प्रत्याशी रति पुरोहित और पंचायत समिति वार्ड संख्या 26 से प्रत्याशी नीतू कंवर के कार्यालय का उद्घाटन किया।
इसी क्रम में ग्राम विजयपुर में जिला परिषद वार्ड संख्या 19 से भाजपा प्रत्याशी रामलाल भील तथा पंचायत समिति वार्ड संख्या 23 से प्रत्याशी विष्णु कंवर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा विधायक आक्या ने विभिन्न गांवों में वार्ड संख्या 22 से भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल भील, वार्ड संख्या 21 से प्रत्याशी गिरधारीलाल रैगर और वार्ड संख्या 20 से प्रत्याशी रूकमा बाई के चुनाव कार्यालयों का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, चुनाव संयोजक एवं पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष सी.पी. नामधराणी, बस्सी मंडल अध्यक्ष भंवरसिंह खरड़ीबावड़ी, पार्षद शैलेन्द्र झंवर, मंडल महामंत्री गोपाल चोबे, रामेश्वर धाकड़, नंदकिशोर कोठारी, प्रमोद कोठारी, रामस्वरूप पुरोहित, रतन हंसराज लौहार, कर्नल रणधीरसिंह, मथुरालाल जाट, श्यामलाल शर्मा, दिनेश धाकड़, कालुसिंह चौहान, गोपाल मुंदड़ा और बालकिशन चेचानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।