नीमच। भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्यप्रदेश ने संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा करते हुए रवि पाटीदार को नीमच जिले का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति की घोषणा के बाद जिले के भाजपा और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी संगठनात्मक नियुक्ति पत्र के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से विभिन्न जिलों के युवा मोर्चा जिला अध्यक्षों एवं जिला महामंत्रियों की घोषणा की गई है।
इसी क्रम में रवि पाटीदार को नीमच जिले के युवा मोर्चा की कमान सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी के साथ पाटीदार के सामने जिले में युवा मोर्चा के संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने की जिम्मेदारी रहेगी।
प्रदेश स्तर से जारी नियुक्ति सूची में नीमच सहित जबलपुर नगर, भिंड, श्योपुर, सागर, निवाड़ी, मैहर, उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट, मंडला, इंदौर ग्रामीण, धार नगर, सिवनी और छिंदवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में पदाधिकारियों की घोषणा की गई है।