शाजापुर। जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र के काशीनगर में एक 26 वर्षीय नवविवाहित युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके किराए के मकान में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लालघाटी थाने के सब-इंस्पेक्टर अंकित इटावादिया ने बताया कि मृतक की पहचान ब्रज सिंह (26) के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी साल 26 अप्रैल को हुई थी। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, ब्रज सिंह ने अपने किराए के मकान में शराब के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही लालघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।