भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के सामने निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस ने लोहानी को समर्थन दिया है। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने। पार्टी के दूसरे विधायक भी नामांकन के दौरान मौजूद रहे।
राजकुमार लोहानी ने विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना नामांकन जमा किया। इस दौरान विधायक हेमंत कटारे, आतिफ अकील, अभिजीत शाह, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी मौजूद रहे। लोहानी भोपाल के पुराने शहर के घोड़ा नक्कास इलाके में रहते हैं। वे हायर सेकेंडरी पास हैं और मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाते हैं।
भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में संख्याबल के लिहाज से भाजपा की स्थिति मजबूत है। कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी विधायक संख्या नहीं है। ऐसे में पार्टी ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन दिया है।
कांग्रेस हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद में सामने आने को लेकर उनका विरोध कर रही है। इसी मुद्दे पर पार्टी भाजपा और केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।