निंबाहेड़ा। उंखलिया गांव में एक महिला की हत्या के मामले में सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंभूलाल भील को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला के कमरे में घुसकर सोते समय उसके चेहरे पर सरिये से ताबड़तोड़ वार किए थे। वारदात के बाद वह मृतका का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।
कमरे में मृत मिली महिला-
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को फोन के जरिए थाने पर सूचना मिली कि उंखलिया गांव में मिठूलाल धाकड़ के नोहरे की ऊपरी मंजिल पर एक कमरे में रहने वाली लेहरी बाई उर्फ सीता बाई (50), पत्नी दल्ला जी भील की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मिठूलाल धाकड़ ने पुलिस को बताया कि नोहरे की छत पर बने दो कमरों में से एक में लेहरी बाई और दूसरे में काली बाई नाम की महिला मजदूर रहती थी। लेहरी बाई करीब पांच-छह महीने पहले मजदूरी के लिए गांव आई थी और मिठूलाल धाकड़ के खेत व नोहरे में काम करती थी। वह अकेली रहती थी और शांत स्वभाव की थी।
सुबह कमरे में मिला शव-
मिठूलाल धाकड़ की पत्नी सुबह गाय-भैंस का दूध निकालने नोहरे पहुंची तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। लेहरी बाई को फोन किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। पास के कमरे में रहने वाली काली बाई को आवाज दी गई तो उसने फोन पर बताया कि उसके कमरे की कुंडी बाहर से बंद है।
इसके बाद मिठूलाल की पत्नी पास के नोहरे से अंदर पहुंची और सीढ़ियों से ऊपर जाकर पहले काली बाई के कमरे का दरवाजा खोला। फिर लेहरी बाई के कमरे में पहुंची तो दरवाजा आधा खुला था। अंदर रोशनी करके देखा तो लेहरी बाई बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस-
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक शिवप्रकाश टेलर के मार्गदर्शन में थानाधिकारी संजय शर्मा ने टीम के साथ जांच शुरू की। मृतका के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद उसकी पुत्रवधू इंद्रा उर्फ गीता निवासी धोरेला, राजसमंद ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शंभूलाल भील नाम का व्यक्ति नोहरे में लेहरी बाई और काली बाई के पास आता-जाता था। पुलिस ने उसके बारे में गोपनीय जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कार्रवाई के दौरान भी वह सामने खड़ा होकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। वारदात के बाद पुलिस टीम गांव में ही रुककर लगातार जानकारी जुटाती रही।
मोबाइल में मिले वीडियो से खुला राज-
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को सूचना मिली कि शंभूलाल उंखलिया से सस्थल रोड पर नदी की तरफ गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में वह पहले खुद को निर्दोष बताता रहा।
पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें मृतका के पास वाले कमरे में रहने वाले परिवार का खिड़की से बनाया गया वीडियो मिला। इससे उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शिकायत से बैठी थी पुरानी खुन्नस
पुलिस के मुताबिक, शंभूलाल कई वर्षों से उंखलिया में मजदूरी करता था और अकेला रहता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह मिठूलाल के नोहरे में रहने वाली लेहरी बाई और काली बाई से मिलने जाता था। करीब डेढ़ महीने पहले उसने वहां शराब पीकर हंगामा किया था, जिसकी शिकायत लेहरी बाई ने नोहरे के मालिक से कर दी थी। इसी बात को लेकर वह उससे रंजिश रखने लगा था।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम आरोपी ने लेहरी बाई को फोन कर काली बाई के कमरे में किसी के आने के बारे में पूछा था। रात में वह पीछे की ओर से नोहरे की दीवार पर चढ़कर छत तक पहुंचा और काली बाई के कमरे की खिड़की से वीडियो बनाने लगा। किसी अनजान व्यक्ति के छत पर आने की आशंका होने पर लेहरी बाई ने नोहरे के मालिक को फोन कर दिया। मिठूलाल धाकड़ मौके पर पहुंचे तो आरोपी पीछे छिप गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात मौका देखकर आरोपी दोबारा वहां पहुंचा। लेहरी बाई के कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर उसने सो रही महिला के चेहरे पर सरिये से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह मृतका का मोबाइल फोन बंद कर अपने साथ ले गया।
आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी शंभूलाल भील को गिरफ्तार कर उसकी सूचना पर मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: शंभूलाल भील (40), पिता कारूलाल भील, निवासी कुंतली, थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश), हाल मुकाम उंखलिया, थाना सदर निंबाहेड़ा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थानाधिकारी संजय शर्मा, पुलिस निरीक्षक; प्रभुलाल, कांस्टेबल क्रमांक 493; जीवनलाल, कांस्टेबल क्रमांक 295; तथा सूर्यभान सिंह, कांस्टेबल क्रमांक 275।