खरगोन। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत गोगावां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सोलना में एक खेत पर दबिश देकर कपास की फसल के बीच उगाए जा रहे गांजे के 63 हरे पौधे जब्त किए गए। जब्त पौधों का कुल वजन 92 किलो 400 ग्राम और अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को चौकी अहीरखेड़ा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सोलना निवासी तुकाराम उर्फ कालु अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी और आरोपी तुकाराम उर्फ कालु पिता थापा डावर (53 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गोगावां में अपराध क्रमांक 361/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2009 में उज्जैन जिले के माधव नगर थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत की गई।