नीमच। खेलों में बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब की एक और पहल सामने आई है। क्लब की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रिधि मयंक राठौर ने संभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर और 600 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 नवंबर तक श्योपुर में होगा। रिधि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगी और दोनों स्पर्धाओं में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रिधि एथलेटिक्स के साथ-साथ तैराकी और शूटिंग में भी अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। वे ट्रायथलीट और मॉडर्न पेंटाथलीट खिलाड़ी के रूप में भी पहचान बना रही हैं। विभिन्न खेलों में उनकी सक्रियता स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब की मल्टी-स्पोर्ट्स प्रशिक्षण पहल को दर्शाती है। क्लब का उद्देश्य खिलाड़ियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार तैराकी, रनिंग, साइक्लिंग, शूटिंग सहित विभिन्न खेलों में अवसर देना है।
रिधि कोच आयुष गौड़, नीलेश घावरी, सुधा सोलंकी, समीर सिंह जादोन और रोहित अहीर के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। वहीं क्लब के मेंटॉर एवं कोच प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी का भी उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिल रहा है।
स्विमफ्लाय परिवार और प्रशिक्षकों ने रिधि को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।