कुकड़ेश्वर। नगर के एकमात्र खेल मैदान पर उड़ान क्लब वूमेन्स द्वारा कबड्डी खेल के अभ्यास की शुरुआत की गई। सरदार महेंद्र सिंह बग्गा के निर्देशन में शुरू किए गए इस आयोजन का उद्देश्य नगर की छात्राओं एवं युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करना है।
क्लब की ओर से बताया गया कि जिन छात्र-छात्राओं की कबड्डी खेल में रुचि है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का जज्बा रखते हैं, वे प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे तक नगर के खेल मैदान पर पहुंचकर कबड्डी का अभ्यास कर सकते हैं।
क्लब सदस्यों ने बताया कि नियमित खेल एवं अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
इस अवसर पर कुमारी अविका मालवीय एवं आयुषी मालवीय ने नगर के छात्र-छात्राओं एवं खेल प्रेमी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेल मैदान पर पहुंचकर कबड्डी अभ्यास में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उड़ान क्लब वूमेन्स ने बताया कि नगर की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और नियमित अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। भविष्य में खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।