नीमच। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही शहर में माता की आराधना और गरबा उत्सवों की रौनक दिखाई देने लगी है। इसी कड़ी में माहेश्वरी समाज युवा संगठन द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नौ दिवसीय गरबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
उत्सव का शुभारंभ स्थानीय माहेश्वरी भवन में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से घट स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान समाजजनों ने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
माहेश्वरी समाज युवा संगठन के अध्यक्ष पीयूष काबरा ने बताया कि नौ दिनों तक प्रतिदिन रात्रि में पारंपरिक गरबा और डांडिया का आयोजन होगा। इसमें प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।
नवरात्रि के दौरान आयोजित यह उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक गरबा-डांडिया की विरासत को भी जीवंत करेगा।