नीमच। शारदीय नवरात्रि पर्व के शुभारंभ के साथ ही शहर में मां दुर्गा की आराधना और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है। नौ दिवसीय पर्व के पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से घट स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
इसी क्रम में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार शिकलीगर समाज ने भी नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक आयोजन किया। समाजजन पावागढ़ वाली मां की पवित्र ज्योत लेकर धूमधाम से पहुंचे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु मां की भक्ति में झूमते और नृत्य करते नजर आए।
ज्योत यात्रा के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा भी लाई गई। इसके बाद समाजजन घट स्थापना की तैयारियों में जुट गए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
नवरात्रि के पहले दिन शिकलीगर समाज के इस आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।