नीमच। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने ग्राम मालखेड़ा निवासी अरविंद मेघवाल को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। पहले वे एक अन्य व्यापारी के यहां काम करते थे, जहां उन्हें कम वेतन मिलता था। समाचार पत्रों के माध्यम से योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, नीमच से संपर्क किया और ऑनलाइन आवेदन किया।
अरविंद मेघवाल ने बताया कि उन्हें यूनियन बैंक की नीमच शाखा से योजना के अंतर्गत 7 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने किराना सामग्री खरीदकर ‘मेसर्स श्री द्वारिका किराना एंड जनरल स्टोर’ की शुरुआत की। वर्तमान में इस व्यवसाय से उन्हें सालाना 2 लाख 50 हजार रुपये की आय हो रही है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और परिवार के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव हुआ है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के माध्यम से ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान और शत-प्रतिशत सीजीटीएमएसई शुल्क की प्रतिपूर्ति का लाभ भी मिल रहा है। उनके व्यवसाय से दो लोगों को रोजगार मिला है।
अरविंद मेघवाल ने स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।