मनासा। आगामी नवरात्रि, दशहरा, मेला और दीपावली के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार, 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी गरबा एवं पूजा पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्सव के दौरान लाउडस्पीकर और डीजे का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही करने की हिदायत दी गई।
बैठक में एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार, विद्युत विभाग के अधिकारी और नगर पालिका के सीएमओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा गरबा मंडलों के पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, पत्रकार और गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही, सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।