छतरपुर। सनातन हिन्दू एकता और जनजागृति के संकल्प के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम से भव्य रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा पांच दिनों में पांच जिलों से होकर करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
विशेष पूजा-अर्चना के बाद हुआ ध्वजारोहण
रथ यात्रा के शुभारंभ से पहले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने विशेष अनुष्ठान और पूजन किया। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। संतों के पावन सानिध्य में यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
सभी सनातनी एक हों, यही यात्रा का उद्देश्य- धीरेंद्र शास्त्री
मंच से जनसमूह को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन हिन्दू समाज में एकता और जनजागृति का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा, ष्सभी में जागृति आए और सारे सनातनी एक हों, यही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।ष्
उन्होंने देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन देश की बदनामी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए।
बालाजी के रथ के पीछे उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
यात्रा में सबसे आगे भगवान बालाजी का सुसज्जित रथ चल रहा था, जबकि उसके पीछे दूसरे रथ पर बागेश्वर महाराज विराजमान थे। उनके पीछे हजारों श्रद्धालुओं से भरे वाहनों का लंबा काफिला नजर आया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
बालाजी के जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पांच जिलों से गुजरने वाली यह यात्रा सनातन एकता और जनजागृति का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।