नीमच। मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध नीमच जिले के मां भादवामाता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।
नवरात्रि के शुभारंभ पर सुबह 10.30 बजे शुभ मुहूर्त में मां भादवामाता मंदिर में विधि-विधान के साथ घट स्थापना की गई। इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास और विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। माता के जयकारों और भक्ति भाव से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। आगामी नौ दिनों तक मंदिर में माता की आराधना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।